Site icon Bhoomika Bharat News

अम्बेडकरनगर: फिर टूटी पाइपलाइन, प्रभावित हुई पेयजल आपूर्ति

अंबेडकरनगर अकबरपुर-अयोध्या मार्ग पर फायर स्टेशन के निकट रविवार सुबह अंडर ग्राउंड पाइपलाइन फट गई। इससे लगभग पांच हजार की आबादी की जलापूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। इससे तेज गर्मी में लोगों को एक-एक बाल्टी पानी के लिए परेशान होना पड़ा।
देर शाम तक गड़बड़ी दूर नहीं की जा सकी थी।
अकबरपुर नगर पालिका में जर्जर हो चुकी अंडरग्राउंड पाइपलाइन से जलापूर्ति से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। आए दिन जर्जर पाइपलाइन फटती रहती है इससे आम नागरिकों की जलापूर्ति बाधित होती रहती है। इस बीच रविवार सुबह अकबरपुर-अयोध्या मार्ग स्थित फायरब्रिगेड स्टेशन के निकट अंडरग्राउंड पाइपलाइन फट गई। इससे अयोध्या मार्ग के साथ ही रसूलपुर हौजपट्टी, बौद्धविहार कॉलोनी व मीरानपुर मोहल्ले की जलापूर्ति ठप हो गई। इससे भीषण गर्मी में लोगों के सामने पेयजल का बड़ा संकट खड़ा हो गया।
एक-एक बाल्टी पानी के लिए लोगों को इधर-उधर भटकने के लिए मजबूर होना पड़ा। सूचना मिलने पर नगर पालिका के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर गड़बड़ी को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया। देर शाम तक गड़बड़ी नहीं दूर की जा सकी थी।

जिम्मेदारों को सुध नहीं
मीरानपुर के सुनील कुमार व रियाज ने नाराजगी व्यक्त की। कहा कि नगर पालिका प्रशासन को आम नागरिकों के हितों की सुध नहीं है। आए दिन जर्जर पाइपलाइन फटती रहती है लेकिन इन्हें बदला नहीं जा रहा है। रवि कुमार, ज्ञानचंद्र, सुमित्रा व नरसिंह ने कहा कि भीषण गर्मी में पानी की अधिक जरूरत पड़ती है। ऐसे में पूरे दिन जलापूर्ति ठप होने से परेशानी का सामना करना पड़ता है। बेहतर ढंग से जलापूर्ति के लिए जिम्मेदारों को गंभीरता दिखानी चाहिए।

दुरुस्त कराई जा रही गड़बड़ी
फायर स्टेशन के निकट अंडरग्राउंड पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई थी। मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों ने गड़बड़ी दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया है। जल्द ही परेशानी दूर हो जाएगी। – बीना सिंह, अधिशासी अधिकारी

Exit mobile version