Site icon Bhoomika Bharat News

ज्योतिरादित्य सिंधिया के सामने अमित शाह ने गुना सांसद केपी यादव का बता दिया भविष्य, अटकलें तेज

अशोकनगर: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अशोकनगर जिले में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए चुनावी सभा को संबोधित किया है। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के लिए वोट मांगे हैं। साथ ही गुना-शिवपुरी सांसद केपी यादव का भविष्य बता दिया है। अमित शाह ने गुना लोकसभा सीट के लोगों से कहा है कि आप केपी यादव की चिंता मत करना। हमने उनके लिए सोच रखा है।


मैंने तो आपको केंद्रीय मंत्री दिया है

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कई क्षेत्र में जब मैं जाता हूं तो लोग कहते हैं कि आप हमारे सांसद को आगे बढ़ाना, हम विजयी बनाकर भेजेंगे। आपको तो बना बनाया मंत्री, मोदी जी यहां चुनाव लड़ने के लिए भेजा है। प्रचंड बहुमत से इनको जीताना।

केपी यादव को मिल सकती है जिम्मेदारी

दरअसल, गुना लोकसभा सीट से सांसद केपी यादव को बीजेपी ने इस बार टिकट नहीं दिया है। उनकी जगह पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को टिकट दिया है। सिंधिया के लिए वोट मांगने आए अमित शाह के मंच पर केपी यादव भी मौजूद थे। अमित शाह ने कहा कि केपी यादव ने इस क्षेत्र की बहुत सेवा की है। केपी यादव की चिंता मुझ पर छोड़ देना। उन्होंने कहा कि केपी यादव की चिंता आपको करने की जरूरत नहीं है।
गुना को मिलेंगे दो-दो नेता

गृह मंत्री अमित शाह ने यह भी कहा कि हमारे भाई केपी यादव के भविष्य की चिंता भारतीय जनता पार्टी करेगी। साथ ही इन्हें आगे बढ़ाने की भी सभी प्रकार की चिंता हम करेंगे। उन्होंने कहा कि गुना वालों आपको दो-दो नेता मिलेंगे। ज्योतिरादित्य सिंधिया भी और केपी यादव भी।

गौरतलब है कि गुना लोकसभा सीट पर तीसरे चरण में वोटिंग है। वोटिंग से पहले अमित शाह ने गुना-शिवपुरी में सभी को एकजुट करने की कोशिश की है। पहली बार मंच से उन्होंने केपी यादव के भविष्य पर बात की है। इसके जरिए वोटरों को संदेश देने की कोशिश की है कि हम उनका भी ख्याल रखेंगे। इसका सीधा मतलब है कि भितरघात नहीं हो।

Exit mobile version