Site icon Bhoomika Bharat News

अम्बेडकरनगर: लाइन लगाने से छुटकारा, क्यूआर कोड से मिल रहा टिकट

अंबेडकरनगर रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। सामान्य यात्रा टिकट व प्लेटफॉर्म टिकट लेने के लिए अब उन्हें खिड़की पर लंबी लाइन में लगाने से राहत मिली है। दरअसल अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर क्यूआर कोड का संचालन प्रारंभ हो गया है।मंगलवार को भी दो दर्जन से अधिक यात्रियों ने क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान कर टिकट हासिल किया।
बीते दिनों नए प्लेटफाॅर्म निर्माण के साथ ही अब अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान कर टिकट हासिल की सुविधा भी शुरू हो गई है। इसका बड़ा लाभ मंगलवार को अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर दिखा। मंगलवार को ज्यादातर यात्रियों ने क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान कर सामान्य टिकट हासिल किया। यह सुविधा बीते दिनों ही शुरू हुई है।
क्यूआर कोड मशीन टिकट खिड़की के निकट ही स्थापित है। ऐसे में कई यात्री टिकट खिड़की पर लाइन लगाने के बजाय क्यूआर कोड से भुगतान कर टिकट लेते दिखे। कुछ यात्री तो संबंधित मशीन से टिकट हासिल कर काफी खुश नजर आए, क्योंकि उन्हें टिकट खिड़की पर लाइन लगाने से राहत मिली।
वाराणसी जाने के लिए क्यूआर कोड से भुगतान कर टिकट हासिल कर खुशी का इजहार करते हुए शहजादपुर के संदीप कुमार ने कहा कि यात्रियों के लिए यह बेहतर सुविधा है। इससे टिकट खिड़की पर लाइन नहीं लगानी पड़ी और भुगतान के लिए फुटकर पैसों की दिक्कत भी नहीं हुई। जौनपुर जाने के लिए अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर मिले मो. नईम ने कहा कि उन्होंने टिकट खिड़की के बजाय क्यूआर कोड से भुगतान कर टिकट हासिल किया। कहा कि यह सुविधा आरक्षित टिकट के लिए भी होनी चाहिए।

Exit mobile version