Site icon Bhoomika Bharat News

अम्बेडकरनगर: दस मीटर चौड़ा होगा अकबरपुर-दोस्तपुर मार्ग

अंबेडकरनगर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने वाले अकबरपुर-दोस्तपुर मार्ग की चौड़ाई अब सात मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर की जाएगी। हालांकि पूर्व में इस मार्ग को फोरलेन का प्रस्ताव पीडब्ल्यूडी विभाग ने शासन को भेजा था जिसे मंजूरी नहीं मिल सकी है। ऐसे में अब संबंधित मार्ग के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भेजा जाएगा।

 

अकबरपुर-दोस्तपुर मार्ग की अंबेडकरनगर जनपद में लंबाई 17.6 किमी. है। इसे फोरलेन निर्माण का प्रस्ताव पीडब्ल्यूडी ने बीते वर्ष शासन को भेजा था। इसमें न सिर्फ सड़क की चौड़ाई बढ़नी थी बल्कि बीच में दो फिट का डिवाइडर भी बनना था। मौजूदा समय में संबंधित मार्ग की चौड़ाई सात मीटर है। फोरलेन निर्माण से अंबेडकरनगर सुल्तानपुर जनपद की दूरी कम होने की उम्मीद लोगों को हुई। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जोड़ने के कारण एक और लाभ लोगों को मिलता।

 

हालांकि शासन ने इस प्रस्ताव को मंजूरी नहीं दी। क्योंकि कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निकट ही बेवाना व आसपास के क्षेत्र में औद्योगिक कॉरिडोर का निर्माण होना है। अब पीडब्ल्यूडी ने इस मार्ग के चौड़ीकरण कराए जाने का निर्णय लिया। पीडब्लूडी कार्यालय के अनुसार मौजूदा समय में सड़क की चौड़ाई सात मीटर है। अब इसे दोनों तरफ डेढ़-डेढ़ मीटर बढ़ाकर कुल 10 मीटर चौड़ाई की जाएगी। सड़क के चौड़ीकरण से इस मार्ग से प्रतिदिन गुजरने वाली लगभग लगभग 10 हजार की आबादी को सीधा लाभ मिलेगा।

 

सड़क पर लगातार बढ़ रहा दबाव

 

अकबरपुर दोस्तपुर मार्ग के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ने के चलते संबंधित सड़क पर वाहनों का दबाव दिन प्रतिदिन बढ़ रहा है। पूर्व में जब पूर्वांचल एक्सप्रेसवे नहीं बना था तो इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन काफी कम था लेकिन एक्सप्रेसवे के बनने के बाद वाहनों की संख्या में वृद्धि हो रही है। इससे संबंधित मार्ग पर दबाव बढ़ता जा रहा है। सड़क की चौड़ाई कम होने के चलते कभी कभी असहज सी स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इसी को देखते हुए ही अब इस मार्ग को चौड़ा किया जाएगा।

 

तैयार किया जा रहा प्रस्ताव

अकबरपुर-दोस्तपुर सड़क को सात मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा। इसके लिए प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। चुनाव बाद प्रस्ताव शासन को भेज दिया जाएगा। – सौरभ सिंह, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण

Exit mobile version