Site icon Bhoomika Bharat News

मोहाली जीरकपुर पंजाब

रिपोर्टर भाटिया जीरकपुर जीरकपुर के बलटाना मुख्य बाजार इलाके में आज देर शाम एक दुकानदार द्वारा पैसे उधार न देने से नाराज एक युवक ने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। इस बीच हमलावर ने दुकानदार की कार के सारे शीशे तोड़ दिए। मुख्य बाजार में जमकर गुंडागर्दी के बाद दुकानदारों में काफी गुस्सा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मिली जानकारी के मुताबिक, जीरकपुर के बलटाना मेन मार्केट में साईं कलेक्शन नाम से बूट्स की दुकान है। दुकान के मालिक प्रिंस ने बताया कि उनका एक परिचित रोहित कुमार उनसे 2000 रुपये उधार लेने आया था। जब उन्होंने पैसे उधार देने से इनकार कर दिया तो रोहित उनकी फोर्ड फिएस्टा कार की चाबी लेकर फरार हो गया। प्रिंस ने बताया कि कुछ देर बाद रोहित अपने दो अन्य साथियों के साथ

मोटरसाइकिल पर सवार होकर आया। जिसके हाथ में गंडासी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों ने आते ही उनकी कार के सारे शीशे तोड़ दिए और दुकान में बैठी उनकी मां अनीता और बहन साक्षी समेत उन पर हमला कर दिया। उसने बताया कि उसकी मां के हाथ पर धारदार हथियार लगने से उसकी मां अनिता घायल हो गई है। जीरकपुर मुख्य बाजार के भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की घटना होने से दुकानदार विरोध कर रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि बलटाना क्षेत्र पंचकुला और चंडीगढ़ की सीमा पर स्थित होने के कारण असामाजिक तत्व किसी भी घटना को अंजाम देने के बाद पंचकुला या चंडीगढ़ की ओर भाग जाते हैं। उन्होंने मांग की कि शाम के समय बलटाना पंचकूला और बलटाना चंडीगढ़ हरमिलाप नगर गेट पर पुलिस नाकाबंदी की जाए, ताकि किसी भी वारदात को अंजाम देकर फरार होने वाले लोगों पर काबू पाया जा सके। मामले को लेकर बलटाना चौकी प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमले की घटना बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लेगी।

Exit mobile version